प्रशासनिक खबरें
18 Jun, 2026

मप्र पुलिस की अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, जून में 2.86 करोड़ से अधिक संपत्ति जब्त

मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान में जून माह के दौरान प्रदेशभर में कार्रवाई करते हुए 2.86 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

भोपाल, 18 जून।

मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जून माह में अब तक लगभग 2.86 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार झाबुआ जिले के थांदला, राणापुर और झकनावदा चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 176 पेटियों से अधिक अवैध शराब और वाहनों सहित लगभग 47.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। वहीं इंदौर और इंदौर ग्रामीण पुलिस ने संयोगितागंज, द्वारकापुरी और बड़गोंदा क्षेत्रों में कार्रवाई कर 37.81 लाख रुपये की संपत्ति पकड़ी है।

इसी क्रम में खरगोन पुलिस ने दो कार्रवाइयों में ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार और अन्य वाहनों सहित 28.96 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है, जबकि सागर पुलिस ने सिविल लाइन, बांदरी, जैसीनगर, मालथौन और सुरखी क्षेत्रों में कार्रवाई कर 26.95 लाख रुपये की अवैध संपत्ति पकड़ी है।

पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई में 2,484 लीटर से अधिक अवैध शराब और पिकअप वाहन सहित 22.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। बड़वानी पुलिस ने चाचरिया चौकी और अंजड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में शराब और वाहन जब्त किए हैं।

छिंदवाड़ा पुलिस ने बोलेरो वाहन सहित 10.56 लाख रुपये की संपत्ति, जबकि छतरपुर पुलिस ने ईशानगर, बमीठा, चंदला और बक्सवाहा क्षेत्रों में कार्रवाई कर 10.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। नरसिंहपुर पुलिस ने ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत 9.70 लाख रुपये की संपत्ति पकड़ी है।

सिंगरौली, आलीराजपुर, विदिशा, सीधी, उज्जैन, भिंड, जबलपुर, नर्मदापुरम, खंडवा, मुरैना, आगर मालवा, डिंडोरी और दमोह सहित कई जिलों में भी लगातार कार्रवाई कर अवैध शराब और वाहन जब्त किए गए हैं। भोपाल ग्रामीण पुलिस ने गुनगा क्षेत्र में कार्रवाई कर कच्ची महुआ शराब और मोटरसाइकिल सहित संपत्ति जब्त की है।

इसके अलावा शिवपुरी, सीहोर, दतिया, रतलाम और अन्य जिलों में भी छोटी-बड़ी कार्रवाइयों के दौरान अवैध शराब और परिवहन में उपयोग किए गए वाहन जब्त किए गए हैं।

|
आज का राशिफल

मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-6-8-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 36°

Mostly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़