मध्य प्रदेश
23 Jun, 2026

इंदौर में गैस पाइपलाइन ब्लास्ट, चार झुलसे; 5 हजार कनेक्शन प्रभावित

इंदौर के सुमन नगर में बोरिंग के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हुए विस्फोट और आगजनी में चार लोग झुलस गए तथा पांच हजार से अधिक गैस कनेक्शनों की आपूर्ति प्रभावित हो गई।

इंदौर, 23 जून।

शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर-54 के सुमन नगर में मंगलवार को गैस पाइपलाइन ब्लास्ट के बाद आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। अवंतिका गैस की हाई-प्रेशर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हुए इस हादसे में एक युवती समेत चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर घटना हुई वहां बोरिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान जमीन के भीतर से गुजर रही गैस पाइपलाइन को नुकसान पहुंच गया। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं और धमाके की तेज आवाज से आसपास का क्षेत्र दहल गया। घटना के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में घायल होने वालों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजकुमारी झाला भी शामिल हैं। बताया गया कि वह बाइक से वहां से गुजर रही थीं, तभी आग की चपेट में आ गईं। उनके अलावा तीन अन्य लोग भी झुलस गए। आग की चपेट में आने से एक बाइक सहित आसपास खड़े कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और गैस कंपनी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। क्षेत्र को सुरक्षित घेराबंदी में लेकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। गैस आपूर्ति बंद करने के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए गए।

गैस कंपनी के इंजीनियर अनुराग शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर बोरिंग मशीन और खुदाई से संबंधित उपकरण मिले हैं। उनके अनुसार कंपनी से न तो खुदाई की अनुमति ली गई थी और न ही किसी प्रकार की पूर्व सूचना दी गई थी। उन्होंने कहा कि इलाके में नियमित अंतराल पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर हाई-प्रेशर गैस पाइपलाइन की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज है। कंपनी ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

इस हादसे का असर आसपास के क्षेत्रों की गैस आपूर्ति पर भी पड़ा है। शीतल नगर, विजय नगर और आसपास के इलाकों के पांच हजार से अधिक घरेलू गैस कनेक्शन प्रभावित हुए हैं। गैस कंपनी की टीम क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी रही। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रशासन और पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

|
आज का राशिफल

आपके पूंजीगत निवेशों से भी लाभ होगा। पारिवारिक उत्तरदायित्व अधिक रहेंगे। पदोन्नति मिलने का योग है। आमदनी में वृद्घि होगी। यात्रा में सावधानी बरतें। क्षमता से अधिक कार्य करने से मर्ज बिगड़ सकता है। मनचाहा स्थानान्तरण मिल सकता है। अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। शुभांक-2-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़