शिवपुरी, 23 जून।
जिले में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग और शैक्षणिक संस्थानों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार को किए गए निरीक्षण के बाद आठ संस्थानों को सील कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर की गई। तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा द्वारा विभिन्न कोचिंग और शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी पाई गई। जांच के दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन सुरक्षा उपायों से संबंधित गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण में भारत आईएएस, इंसपायर लाइब्रेरी, पाठशाला लाइब्रेरी, शिवानी कॉमर्स इंस्टीट्यूट, कांसेप्ट बिल्डर्स क्लास, ब्लूमिंग बड्स, इंडक्टेंस कोड केयर और शिवपुरी एकेडमी क्लासेस में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इन सभी संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों के अनुरूप फायर एनओसी और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले के सभी एसडीएम को भी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले के सभी कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और शिक्षण संस्थान आवश्यक फायर सेफ्टी मानकों का पालन करें।
अधिकारियों के अनुसार भविष्य में भी सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने संस्थान संचालकों से सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने और सभी आवश्यक अनुमतियां समय पर प्राप्त करने की अपील की है।










