भोपाल, 23 जून।
मध्य प्रदेश राज्य वित्त आयोग बुधवार को भोपाल संभाग के दौरे पर स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं की वित्तीय स्थिति की समीक्षा करेगा। इस दौरान आयोग जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से चर्चा कर वित्तीय सुदृढ़ता, पारदर्शिता और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़े सुझाव प्राप्त करेगा।
आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सदस्य के.के. सिंह, पदेन सदस्य ऋषि गर्ग और सदस्य सचिव वीरेन्द्र कुमार भोपाल संभाग के सांसदों, विधायकों तथा नगरीय और ग्रामीण निकायों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक का उद्देश्य स्थानीय निकायों को अधिक सक्षम और संसाधन संपन्न बनाने के उपायों पर विचार करना है।
इसके बाद आयोग संभागायुक्त, कलेक्टरों, जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगर निगम आयुक्तों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक करेगा। बैठक में स्थानीय निकायों की वर्तमान वित्तीय स्थिति और विकास कार्यों की प्रगति का आकलन किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने बताया कि चर्चा के दौरान निकायों के मूल दायित्वों, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, विकास कार्यों की गुणवत्ता और राजस्व बढ़ाने के संभावित उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में नवाचार आधारित योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा।
आयोग स्थानीय निकायों को अधिक आत्मनिर्भर बनाने के लिए वित्तीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और आय के नए स्रोत विकसित करने संबंधी सुझाव भी प्राप्त करेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने के साथ सेवा प्रदायगी को अधिक प्रभावी बनाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनप्रतिनिधियों के साथ सुझावात्मक बैठक दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक वीआईपी सर्किट हाउस में आयोजित होगी। इसके बाद अपराह्न 3 बजे संभागायुक्त कार्यालय में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की जाएगी।










