भोपाल, 23 जून।
प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस बुधवार से राज्यव्यापी "सेफ क्लिक 2.0" अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान के तहत नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार इस पहल का लक्ष्य विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी देना है, ताकि वे डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग कर सकें। अभियान के जरिए ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, साइबर ठगी और अन्य डिजिटल खतरों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल स्थित रविन्द्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में होगा। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
यह रथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूक करेगा। इसके माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना है।
विद्यार्थियों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार की गई विशेष साइबर जागरूकता बुकलेट का विमोचन भी किया जाएगा। इस सामग्री का उपयोग प्रदेश के स्कूलों में जागरूकता गतिविधियों के लिए किया जाएगा।
इसके अलावा "सेफ क्लिक 2.0" अभियान का विशेष वीडियो भी जारी किया जाएगा, जिसमें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर ठगी से बचाव और ऑनलाइन सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश शामिल होंगे। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया जाएगा, जिससे लोगों को सरल और प्रभावी तरीके से जागरूक किया जा सके।










