मंदसौर, 23 जून।
शहर में बढ़ते पेयजल संकट, अव्यवस्थित जल वितरण व्यवस्था और नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस पार्षदों और नेताओं ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद के बाहर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी के नेतृत्व में कांग्रेसजन जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली के रूप में नगर पालिका पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर जल समस्या के प्रति अपना आक्रोश जताया। नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी के ज्ञापन लेने नहीं आने से नाराज कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन की प्रति कार्यालय के मुख्य द्वार पर चस्पा कर नारेबाजी की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर में नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वर्तमान में एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है, लेकिन कई इलाकों में कम दबाव के कारण लोगों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा। जर्जर पाइपलाइन, तकनीकी खामियों और अन्य कारणों से भी समस्या लगातार बनी हुई है।
कांग्रेस नेताओं ने खानपुरा, पुराना किला क्षेत्र, गुदरी, शेखा चौक, कुम्हारवाड़ा, बोहरा बावड़ी, शुक्ला चौक, जनकूपुरा, नीलगर चौक, इंदिरा कॉलोनी, सीतामऊ फाटक, टोडी और बंजारा बस्ती सहित कई क्षेत्रों में गहराते जल संकट का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि कुछ संकरी गलियों में टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान शहर में निर्माणाधीन और हाल ही में बनी सीसी सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि शहर में नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जाए, पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों को बदला जाए तथा जिन क्षेत्रों में पानी की अधिक आवश्यकता है वहां जलापूर्ति समय में कटौती नहीं की जाए।
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने कहा कि शहर के नागरिक बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी खर्च के बावजूद आम लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा और कई क्षेत्रों में लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।










