शिवपुरी, 23 जून।
शिवपुरी में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी करने वाले शैक्षणिक और कोचिंग संस्थानों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में आठ संस्थानों को सील कर दिया गया।
मंगलवार को तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक परिसरों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण में भारत आईएएस, इंसपायर लाइब्रेरी, पाठशाला लाइब्रेरी, शिवानी कॉमर्स इंस्टीट्यूट, कांसेप्ट बिल्डर्स क्लास, ब्लूमिंग बड्स, इंडक्टेंस कोड केयर और शिवपुरी एकेडमी क्लासेस में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध नहीं मिले। कई संस्थानों में अग्निशामक यंत्र, वैध फायर एनओसी और आपात स्थिति से निपटने की जरूरी व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन सभी संस्थानों को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिलेभर में निरीक्षण अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विशेष दल गठित किए गए हैं, जिनमें संबंधित क्षेत्रों के एसडीएम को प्रभारी बनाया गया है।
प्रशासन ने सभी शैक्षणिक, कोचिंग और व्यावसायिक संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आवश्यक फायर सुरक्षा उपकरण और वैध एनओसी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










