भोपाल, 23 जून।
मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी की श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना ने फ्लाई ऐश निस्तारण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। परियोजना ने एक ही दिन में सर्वाधिक फ्लाई ऐश परिवहन कर पर्यावरण प्रबंधन और संसाधन उपयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने बताया कि गत दिवस कुल 284 बल्करों के माध्यम से करीब 11,721 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश का परिवहन किया गया। यह परियोजना के इतिहास में एक दिन में किया गया सबसे बड़ा फ्लाई ऐश निस्तारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार विद्युत गृह क्रमांक-1 से 114 बल्करों और विद्युत गृह क्रमांक-2 से 170 बल्करों में फ्लाई ऐश लोड कर विभिन्न स्थानों तक पहुंचाई गई। इस उपलब्धि ने परियोजना की संचालन क्षमता और प्रभावी प्रबंधन को रेखांकित किया है।
इससे पहले 30 मार्च 2025 को परियोजना ने 236 बल्करों के माध्यम से 9,429 मीट्रिक टन फ्लाई ऐश परिवहन का रिकॉर्ड बनाया था। उस समय विद्युत गृह क्रमांक-1 से 132 और विद्युत गृह क्रमांक-2 से 104 बल्करों में फ्लाई ऐश का परिवहन किया गया था।
नवीन उपलब्धि के साथ परियोजना ने अपना ही पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता फ्लाई ऐश के वैज्ञानिक प्रबंधन, बेहतर समन्वय और समयबद्ध संचालन का परिणाम है।
परियोजना प्रबंधन के अनुसार फ्लाई ऐश के प्रभावी उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल निस्तारण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस रिकॉर्ड ने न केवल परियोजना की कार्यकुशलता को प्रदर्शित किया है, बल्कि पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी मजबूत किया है।










