मंदसौर, 23 जून।
मंदसौर जिले में एमडी ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत के बीच संचालित एक कथित ड्रग्स निर्माण इकाई का खुलासा किया है। नई आबादी थाना पुलिस ने ग्राम बाजखेड़ी के समीप दबिश देकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुनसान क्षेत्र में स्थित एक कमरेनुमा मकान में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर मौके की घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जांच में मौके से करीब 14 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 14 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि इसकी वास्तविक मात्रा और मूल्य का अंतिम निर्धारण जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि यहां तैयार किया गया मादक पदार्थ जिले के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई किया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, उप निरीक्षक विनय बुंदेला, उप निरीक्षक विकास गहलोत और शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद मादक पदार्थ, गिरफ्तार आरोपितों और पूरे रैकेट से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।










