भोपाल, 23 जून।
मध्य प्रदेश में नया बिजली कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया अब पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं को सरल संयोजन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन पर निर्धारित समय-सीमा में घर बैठे नए कनेक्शन उपलब्ध करा रही है।
कंपनी के अनुसार सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए यह व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल बनाई गई है, जिससे आवेदन प्रक्रिया सरल होने के साथ समय की भी बचत हो रही है। पोर्टल के जरिए आवेदन करने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं तय अवधि में पूरी कर कनेक्शन जारी किया जा रहा है।
जुलाई 2023 में शुरू की गई इस सुविधा के तहत अब तक भोपाल शहर और भोपाल ग्रामीण वृत्त में 1 लाख 21 हजार 619 नए बिजली कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं पूरे कंपनी क्षेत्र में 6 लाख 11 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें 10 किलोवॉट तक के अस्थायी कनेक्शन भी शामिल हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन के लिए कंपनी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। आवेदनकर्ता सरल संयोजन पोर्टल या उपाय ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदकों को निर्धारित दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन और भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी की ओर से सर्वे सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाती हैं।
इसके बाद उपभोक्ता के परिसर में नया विद्युत कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाता है। कंपनी का कहना है कि इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और उपभोक्ताओं को त्वरित सेवाएं मिल रही हैं।










