भोपाल, 23 जून।
मध्य प्रदेश में आधार सेवा व्यवस्था को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) लगातार अधोसंरचना का विस्तार कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को आधार नामांकन और अद्यतन से जुड़ी सुविधाएं उनके नजदीकी क्षेत्रों में उपलब्ध कराना है।
यूआईडीएआई के राज्य कार्यालय भोपाल के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान समय में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, विदिशा और भिंड में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं। मंगलवार से ग्वालियर और शिवपुरी में भी नए केंद्र शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही राज्य के 10 जिलों में आधार सेवा केंद्रों का संचालन किया जा रहा है।
इन केंद्रों पर नागरिकों को आधार नामांकन, डेमोग्राफिक जानकारी में संशोधन और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की व्यवस्था भी की गई है। आधार सेवाओं को और मजबूत करने के लिए प्रदेश के 26 अन्य जिलों में नए केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया भी जारी है।
नए केंद्र शुरू होने के बाद लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और संसाधनों की बचत के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
यूआईडीएआई द्वारा संचालित केंद्रों के अलावा प्रदेश के अधिकांश लोक सेवा केंद्र, नगर निगम, कलेक्टर कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना कार्यालय, जनपद पंचायत, शिक्षा विभाग के ब्लॉक संसाधन केंद्र, डाकघर, सीएससी केंद्र और चयनित बैंक शाखाओं के माध्यम से भी आधार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
प्रदेश में फिलहाल 2,800 से अधिक आधार नामांकन केंद्र कार्यरत हैं। नागरिक यूआईडीएआई की वेबसाइट के जरिए अपने नजदीकी केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही लोगों से आधार में मोबाइल नंबर समेत अन्य जानकारियां अद्यतन रखने की अपील की गई है। किसी भी सहायता या जानकारी के लिए यूआईडीएआई की हेल्पलाइन 1947 पर संपर्क किया जा सकता है।










