भोपाल, 23 जून।
बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भोपाल नगर निगम ने शहर में लगे होर्डिंग्स और यूनीपोल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। महापौर मालती राय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी संचालकों को अपने विज्ञापन ढांचों की स्ट्रक्चर रिपोर्ट अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी, अन्यथा उनकी अनुमति निरस्त कर दी जाएगी।
नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर ने होर्डिंग एवं अतिक्रमण शाखा के कार्यों का जायजा लिया। बैठक में विशेष रूप से मानसून के दौरान तेज हवा और बारिश से होर्डिंग्स से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों पर चर्चा की गई।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में विज्ञापन के लिए स्वीकृत सभी होर्डिंग और यूनीपोल संचालकों को तत्काल नोटिस जारी कर उनकी संरचनात्मक सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट प्राप्त की जाए। निर्धारित अवधि में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करने वाले संचालकों के विरुद्ध अनुमति निरस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अतिक्रमण के मुद्दे पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या रोकने के लिए नाला-नालियों पर किए गए अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और नए अतिक्रमण या अवैध निर्माण पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मालती राय ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर की सुव्यवस्थित व्यवस्था नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्षा ऋतु के दौरान होर्डिंग सुरक्षा और जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, उपायुक्त हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, महापौर परिषद सदस्य आनंद अग्रवाल सहित होर्डिंग एवं अतिक्रमण शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।










