इंदौर, 23 जून।
फायर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ इंदौर जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 13 से अधिक संस्थानों को सील कर दिया। यह कार्रवाई कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के दौरान की गई।
प्रशासनिक टीम ने सबसे पहले भंवरकुआं क्षेत्र स्थित कैटेलाइजर कोचिंग संस्थान का निरीक्षण किया। जांच में वहां आवश्यक फायर सेफ्टी संसाधनों की कमी पाई गई। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं मिलने पर कार्रवाई शुरू की गई।
इसके बाद एसडीएम घनश्याम धनगर के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार कई संस्थानों को पूर्व में नोटिस जारी कर सुरक्षा संबंधी कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी आवश्यक सुधार नहीं किए गए।
निरीक्षण के दौरान एक रेस्टोरेंट में फायर ऑडिट नहीं कराया जाना और सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी सामने आई। वहीं कुछ अन्य प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की अनुपलब्धता और भवन संबंधी खामियां पाई गईं। विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने संबंधित परिसरों को सील करने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान कई कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि भंवरकुआं और गीता भवन क्षेत्र में पूरे दिन चले अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताओं वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार बड़े भवनों, कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक शहर में 70 से अधिक भवनों को फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं करने के कारण सील किया जा चुका है।
प्रशासन ने सभी भवन संचालकों से सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।










