नई दिल्ली, 24 जून।
दिल्ली से अमृतसर जा रहा एयर इंडिया का एक विमान तकनीकी खराबी के चलते रास्ता भूलकर पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में दाखिल हो गया। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद पड़ोसी देश की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी की ओर से चेतावनी मिलते ही विमान ने यू-टर्न लिया और भारतीय सीमा में वापस आ गया। अमृतसर में उतरने की अनुमति न मिलने के कारण उसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा, जिससे मुसाफिरों को भारी संकट झेलना पड़ा।
हालांकि इस संवेदनशील मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है कि खराबी के कारण ही विमान अपने तय मार्ग से भटका था। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।
बताया गया है कि इस एयरबस विमान ने सोमवार रात 9 बजकर 07 मिनट पर दिल्ली से उड़ान भरी थी। सफर के दौरान ही इसमें तकनीकी समस्या आ गई थी, जिसे समय रहते संभाल लिया गया। अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने का निर्धारित समय बीत जाने की वजह से वहां विमान को लैंडिंग की मंजूरी नहीं मिल सकी, जिसके बाद पायलट उसे वापस दिल्ली ले गए और वहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। तकरीबन दो घंटे बाद दोबारा मंजूरी मिलने पर विमान ने अमृतसर के लिए उड़ान भरी और तड़के करीब ढाई बजे वहां सुरक्षित उतर सका।
इस पूरे घटनाक्रम की वजह से यात्री परेशान हुए और उन्हें करीब चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा। जिस फ्लाइट को रात 10 बजकर 30 मिनट तक अमृतसर पहुंच जाना था, उससे यात्रा कर रहे लोग देर रात अपने गंतव्य पर पहुंच सके।








