जोधपुर, 25 जून।
जोधपुर की उदयमंदिर पुलिस ने मोहनपुरा पुल के नीचे कार्रवाई करते हुए एक लोडिंग टैक्सी से 136 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मादक पदार्थ मतोड़ा क्षेत्र के पल्ली गांव से लाया गया था और शहर के आसपास इसकी सप्लाई की जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहनपुरा पुल के नीचे से गुजरने वाली एक लोडिंग टैक्सी में अवैध मादक पदार्थ रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कपड़ों की गांठों से भरी टैक्सी को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान चालक की सीट के पास बने बॉक्स से 136 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान टैक्सी चालक सुनील निवासी अजासर, चाखू तथा उसके साथ मौजूद एकलखोरी, ओसियां निवासी खमूराम को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि एमडी ड्रग खमूराम लेकर आया था और दोनों इसे किसी स्थान पर पहुंचाने की तैयारी में थे। हालांकि, यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
पुलिस पूछताछ में खमूराम ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ मतोड़ा के पल्ली गांव निवासी सुनील से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने एमडी ड्रग उपलब्ध कराने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पूरे मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।















