भोपाल, 25 जून।
भोपाल के सूखीसेवनिया थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 600 क्वार्टर देशी मदिरा और एक लोडिंग ऑटो जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 2.60 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बिलखिरिया श्रीमती अंतिमा समाधिया तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कान्हा सैया रोड से कुशवाह चौराहा होते हुए बायपास की ओर एक नीले रंग का लोडिंग ऑटो अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक एमपी 04 बीवाई यू 0438 को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 600 क्वार्टर शीलबंद देशी मदिरा मसाला बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 108 लीटर पाई गई। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ में उनकी पहचान संजय यादव (24 वर्ष) और अजय भालेराव (23 वर्ष), दोनों निवासी एकता नगर, सूखीसेवनिया, जिला भोपाल के रूप में हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना जारी है।
कार्रवाई के दौरान जब्त की गई देशी शराब और परिवहन में इस्तेमाल किए गए लोडिंग ऑटो को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। भोपाल (देहात) पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















