भोपाल, 25 जून।
भोपाल के गांधीनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश तरुण पथरोड उर्फ तनु (30) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब तीन महीने से पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी तलाश लगातार जारी थी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी को पनाह देने वाले संजय सरसवान (36) को भी गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में एक अवैध चाकू बरामद हुआ, जिसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 23 मार्च 2026 को गांधीनगर क्षेत्र में पैसों के विवाद को लेकर एक कैफे संचालक पर प्राणघातक हमला किया गया था। इस घटना के बाद हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। मुख्य आरोपी तरुण पथरोड घटना के बाद से फरार था, जिस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि फरारी के समय संजय सरसवान ने उसे अपने पास शरण दे रखी थी।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गांधीनगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
















