मैहर, 25 जून।
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के कहरी गांव में जमीन विवाद को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश बुधवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद की शुरुआत खेत में पानी भरने को लेकर हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार चलने लगे। घटना में सात महिलाओं सहित कुल 14 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कहरी गांव में बंसल समाज के दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन विवाद चला आ रहा था। बुधवार रात विवादित जमीन पर पानी भरने की बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
घटना के बाद सभी घायल अमरपाटन थाने पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस और अपने वाहनों से सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। एक साथ 14 घायल पहुंचने से अस्पताल की व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। पर्याप्त बेड उपलब्ध नहीं होने के कारण कई घायलों का इलाज अस्पताल के बरामदे और फर्श पर ही करना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए सतना जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। पहले पक्ष से सरिता बंसल, जितेंद्र, फूलचंद, साक्षी, आरती और प्रिया बंसल घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष से समीर, बड्डी, सोमबाई, सुरेश, पार्वती, रमेश, मुकेश और तिजियाबाई बंसल को चोटें आई हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही घटना का मुख्य कारण सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।















