जौनपुर, 25 जून।
जौनपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नेवढ़िया थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और जलालपुर थाना पुलिस तथा सीतमसराय चौकी को सूचना देकर घेराबंदी कराई।
पुलिस का कहना है कि खुद को चारों ओर से घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर दोबारा जानलेवा फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी अरविंद राजभर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम महेश यादव निवासी महरेवं, थाना जलालपुर बताया है। पुलिस के अनुसार, अरविंद के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।















