नई दिल्ली, 25 जून।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में दो नाबालिगों को पकड़ लिया गया है, जबकि उनका एक अन्य साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून की रात करीब नौ बजे गौतमपुरी की गली नंबर-4 में एक किशोर पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को उसका चचेरा भाई अस्पताल लेकर गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौतमपुरी निवासी 17 वर्षीय लकी कुमार के रूप में हुई। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीलमपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर दो संदिग्ध नाबालिगों की पहचान की गई। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन किसी मामूली बात को लेकर उनका लकी कुमार से विवाद हुआ था। बाद में इसी रंजिश में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चाकू और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार तीसरे आरोपित की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच अभी जारी है।















