राजगढ़, 25 जून।
राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम खारपरस में चोरी के संदेह में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक के हाथ-पैर बांध दिए गए और गर्म लोहे के सरिए से उसके पैर को भी दाग दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, खारपरस निवासी 22 वर्षीय गोविंद पुत्र रमेश वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव के देवराज पुत्र कालूसिंह सौंधिया, लखन पुत्र हिन्दूसिंह सौंधिया, रामबाबू पुत्र जगन्नाथ सौंधिया तथा एक युवती ने उसके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उसे बांधकर पीटा गया और युवती घर से गर्म लोहे का सरिया लाकर उसके पैर को दाग गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपितों पर बीएनएस की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3) तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य भी आया कि 23 जून की रात गोविंद वर्मा गांव की 90 वर्षीय जतनबाई सौंधिया के घर में घुस गया था। उस समय बुजुर्ग महिला घर में अकेली थीं। आरोप है कि उसने उनके पैरों में पहनी चांदी की पायल निकाल ली। महिला के जागने और शोर मचाने पर वह वहां से भाग निकला। अगले दिन घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने गोविंद के खिलाफ घर में घुसकर लूट का मामला दर्ज करते हुए पायल बरामद कर ली है। पूरे प्रकरण की जांच एसडीओपी स्तर पर जारी है।















