लखीमपुर खीरी, 25 जून।
मैलानी थाना पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की ट्रॉली के साथ अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पुलिस टीम ने गाड़ी घाट वन विभाग बैरियर से जंगल की ओर जाने वाले मठोकर गांव के कच्चे मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान शाहजहांपुर निवासी इस्लाम और मैलानी निवासी फहीम के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से ट्रॉली चोरी से जुड़ी एक ट्रॉली, .315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।















