झांसी, 25 जून।
झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के देवरा गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कथित रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ भीम आर्मी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सभी ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार सुबह घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दे दी गई थी, लेकिन उनके देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में साफ-सफाई, कचरा निस्तारण और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। इन मुद्दों को लेकर ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी मोंठ असमा वकार, तहसीलदार मोंठ, थाना प्रभारी राहुल राठौर, एसएसआई आनंद सिंह तथा चिरगांव थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि कुछ समय पहले करगवां गांव में भी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया था, लेकिन उस प्रकरण में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसी वजह से देवरा की घटना को लेकर लोगों में अधिक नाराजगी देखने को मिली। मौके पर मौजूद भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, रवि आजाद और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, नई प्रतिमा स्थापित कराने तथा बाबा साहेब अंबेडकर के नाम दर्ज भूमि का निष्पक्ष सत्यापन कराने की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने फिलहाल क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए रखी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है।















