बदायूं, 02 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बदायूं में देर रात सिविल लाइन पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में वांछित अपराधी ढेर हो गया है। इस दौरान हुई गोलीबारी में दो पुलिस कर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक संदिग्ध ने टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में 50 हजार का इनामी बदमाश जितेन्द्र उर्फ ढालू मारा गया।
मृतक अपराधी पर डकैती और लूट के 12 से अधिक गंभीर अपराधिक मुकदमें दर्ज थे। पुलिस ने उसके पास से एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और जेवर बरामद किए हैं। पुलिस बल द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
















