अगरतला, 02 जुलाई।
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने त्रिपुरा की राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप का एक विशाल जखीरा बरामद किया है। यह खेप एक मालगाड़ी के जरिए तस्करी कर लाई जा रही थी। विभाग के अनुसार, जब्त की गई दवाओं की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6.54 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस संयुक्त अभियान को डीआरआई, असम राइफल्स और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मिलकर अंजाम दिया। तलाशी के दौरान एस्कफ और फेयरडील ब्रांड की कुल 55,626 बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इस मामले में खौवाई जिले की एक निजी फर्म के मैनेजर सुब्रत देब को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए मामले की गहन जांच जारी है।















