काठमांडू, 02 जुलाई।
नेपाल ऑयल निगम ने आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बड़ी कटौती का एलान किया है। निगम द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, नई दरें बुधवार मध्यरात्रि से प्रभावी हो गई हैं। इस बदलाव के बाद से पेट्रोल, डीजल, मिट्टी तेल और रसोई गैस के दाम कम हो गए हैं, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है।
नई मूल्य सूची के अनुसार, पेट्रोल की दरों में प्रति लीटर 20 रुपये की कटौती की गई है, जिसके बाद अब ग्राहकों को इसके लिए 197 रुपये प्रति लीटर का भुगतान करना होगा। इसी तरह डीजल और मिट्टी तेल की कीमतों में 30 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है, जिससे अब ये दोनों ईंधन 195 रुपये प्रति लीटर की दर पर उपलब्ध होंगे।
निगम ने एलपी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बदलाव किया है। अब 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर 2060 रुपये और 7.1 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर 1030 रुपये में मिलेगा, जिसमें प्रति सिलेंडर 100 रुपये की राहत दी गई है। साथ ही, घरेलू हवाई ईंधन में 40 रुपये और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए काठमांडू में 265 अमेरिकी डॉलर प्रति किलोलीटर की कटौती की गई है। पोखरा और भैरहवा में अंतरराष्ट्रीय हवाई ईंधन की कीमतें पहले की तरह ब्रेक-ईवन पॉइंट पर ही स्थिर रखी गई हैं।
















