नोएडा, 02 जुलाई।
थाना सेक्टर 126 पुलिस ने बुधवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए शातिर चोर को दबोच लिया है। पुलिस ने विश टाउन सोसाइटी के पास से तमिलनाडु निवासी आरोपित बालन गोविंदन को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह चोरी का माल खपाने की फिराक में था।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपित के पास से 7 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, एक [आधार कार्ड रेडैक्टेड], एक ड्राइविंग लाइसेंस, 12 हजार 500 रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपित मुख्य रूप से एनसीआर के पीजी और रिहायशी घरों को अपना निशाना बनाता था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है ताकि इस गैंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
















