प्रयागराज, 02 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह घर के पास एक पेड़ से बारहवीं के छात्र का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के पाई छपरा गांव निवासी 17 वर्षीय अरुण निषाद अपने परिवार के साथ नैनी के महेवा पश्चिम पट्टी मोहल्ले में रह रहा था। गुरुवार तड़के परिजनों ने सूचना दी कि अरुण का शव घर के पास स्थित एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अरुण बुधवार रात घर में सोया था, लेकिन वह कब चुपचाप बाहर चला गया, इसकी किसी को जानकारी नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है। फिर भी मौत के कारणों की पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








.jpg)
