नई दिल्ली, 10 जुलाई।
घरेलू सर्राफा बाजार में आज धातुओं की कीमतों में मिश्रित रुख देखने को मिल रहा है। जहाँ एक ओर सोना खरीदने वालों के लिए आज का दिन महंगा साबित हुआ है, वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट ने ग्राहकों को थोड़ी राहत दी है।
सोने के भाव में आज चौतरफा उछाल आया है। चेन्नई को छोड़कर देश के अधिकांश बाजारों में सोना 1,220 रुपये से लेकर 1,330 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ है, जबकि चेन्नई में यह वृद्धि 720 रुपये से 780 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच दर्ज की गई है। इसके उलट चांदी की चमक आज फीकी पड़ती नजर आई और इसकी कीमत में 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट देखी गई है।
ताजा भाव की बात करें तो देश के अधिकांश बाजारों में 24 कैरेट सोना 1,44,450 रुपये से 1,45,320 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बिक रहा है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 1,32,410 रुपये से लेकर 1,33,210 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज चांदी 2,34,900 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रही है।
प्रमुख शहरों की स्थिति पर गौर करें तो दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,44,600 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,32,560 रुपये प्रति 10 ग्राम पर उपलब्ध है। मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु, हैदराबाद, भुवनेश्वर जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 1,44,450 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,32,410 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। अहमदाबाद, भोपाल और पटना में 24 कैरेट सोने का भाव 1,44,500 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,32,460 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। इसके अलावा, जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,44,600 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,32,560 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। चेन्नई में आज 24 कैरेट सोने की दर 1,45,320 रुपये और 22 कैरेट की दर 1,33,210 रुपये प्रति 10 ग्राम रही है।








.jpg)



