सिलीगुड़ी, 02 जुलाई।
फांसीदेवा के मुरालीगंज चेकपोस्ट पर विधाननगर जांच केंद्र की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया है। तड़के पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से गुजर रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रुकने का इशारा किया।
तलाशी लेने पर वाहन के भीतर से 20 गायों को बरामद किया गया, जिन्हें अत्यंत दयनीय स्थिति में ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने चालक पुरुषोत्तम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मवेशियों से भरे वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपित को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे तस्करी गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच में जुटी हुई है।
















