बलिया, 02 जुलाई।
उत्तर प्रदेश के बलिया में सहतवार थाना अंतर्गत महादनपुर गांव में बुधवार की रात एक तिलक समारोह के दौरान हुई मामूली बहस ने खूनी मोड़ ले लिया। उत्सव के माहौल में दो दोस्तों ने मिलकर अरुण यादव को गोली मार दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि महाराजपुर निवासी अरुण यादव भी इस कार्यक्रम में शिरकत करने आया था। वहां मौजूद रितेश पासवान और अमित कुमार राम से किसी बात पर उसका विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ने अरुण के सीने पर गोली दाग दी। घायल युवक को उपचार के लिए मऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी (उत्तरी) दिनेश शुक्ल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया है। उसके दूसरे साथी अमित की तलाश में पुलिस की दो विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल घायल युवक की स्थिति स्थिर बनी हुई है और पुलिस सुरक्षा में उसका उपचार चल रहा है। इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस घटना के पीछे की ठोस वजह का पता लगाने में जुटी है।















