धर्मशाला, 02 जुलाई।
नूरपुर पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीआईए टीम ने कंडवाल मुख्य प्रवेश द्वार पर नाकेबंदी के दौरान पंजाब के एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा और तलाशी के दौरान उसके पास से 10.18 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान राजा निवासी पठानकोट के रूप में की है। तलाशी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद की गई हेरोइन के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
एसपी नूरपुर इलमा अफरोज के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
















