भोपाल, 04 जुलाई।
भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक 9 साल की बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास के मामले का पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान सेकंड हैंड बाइक से मिले सुराग के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने बच्ची से पहले पानी मांगने के बहाने बातचीत की। इसके बाद उसने खुद को उसके पिता का परिचित बताते हुए विश्वास में लिया और अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह उसे एक किराये के कमरे तक भी ले गया, लेकिन मकान मालकिन को संदेह होने पर वह अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका।
जांच में सामने आया कि आरोपित करीब छह घंटे तक बच्ची को अलग-अलग स्थानों पर घुमाता रहा। जब बच्ची ने विरोध किया तो वह उसे छोड़कर फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर अशोका गार्डन थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
तफ्तीश के दौरान पुलिस को एक सेकंड हैंड बाइक के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पता चला कि आरोपित ने करीब एक महीने पहले एक डीलर से यह बाइक खरीदी थी। बाइक के दस्तावेज और डीलर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपित की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया।
डीसीपी के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह पहले भी महिला संबंधी अपराध में सजा काट चुका है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अपहरण और दुष्कर्म के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच के बाद बच्ची को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।








