मेलबर्न, 05 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी ऑस्ट्रेलिया यात्रा से पहले वहां के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भारत को एक प्रमुख आर्थिक सहयोगी बताया है। प्रधानमंत्री मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा के महत्व को रेखांकित करते हुए ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था होने के नाते, भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार है।
प्रधानमंत्री अल्बानीज ने स्पष्ट किया कि दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी है, जो गहरे आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित है। व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हमारा सहयोग दोनों राष्ट्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध आज के समय में पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गए हैं और हमारी यह साझेदारी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देती है।
दोनों नेता मेलबर्न में आयोजित होने वाले 'ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट' में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री अल्बानीज और प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात नवंबर 2025 में जोहान्सबर्ग में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी कल से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की अपनी तीन देशों की यात्रा की शुरुआत करेंगे।







