सिलीगुड़ी, 09 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि गुरुवार की सुबह अपने उत्तर बंगाल दौरे के तहत सिलीगुड़ी पहुंचे। वे यहां उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में राज्य के विभिन्न 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और रजिस्ट्रारों के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेने वाले हैं।
इस उच्चस्तरीय बैठक का प्राथमिक उद्देश्य प्रदेश की उच्च शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करना है। इसमें विश्वविद्यालयों के बुनियादी ढांचे के विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, प्रशासनिक जटिलताओं और उनके प्रभावी समाधानों पर व्यापक विमर्श किया जाएगा। राज्यपाल शिक्षण संस्थानों की वर्तमान कार्यप्रणाली की समीक्षा कर व्यवस्था को नई दिशा देने हेतु अपने सुझाव साझा करेंगे।
गौर करने वाली बात यह है कि इस बैठक का आयोजन भले ही उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय परिसर में हो रहा है, मगर इस आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के किसी भी प्रतिनिधि को निमंत्रण नहीं दिया गया है। इस विषय को लेकर राजनीतिक और शैक्षणिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राज्यपाल की यह सक्रियता राज्य की उच्च शिक्षा के भविष्य को निर्धारित करने के लिए बेहद निर्णायक मानी जा रही है। इस बैठक के माध्यम से कई जटिल मुद्दों पर नीतिगत निर्णय लिए जाने की प्रबल संभावना है।















