काठमांडू, 09 जुलाई।
नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद दीपक बोहोरा ने महाकाली परियोजना के पानी को लेकर सरकार से तत्काल कूटनीतिक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच समझौते के बाद भी भारत की तरफ से नेपाल की ओर पानी नहीं छोड़ा जा रहा है।
सांसद ने विदेश मंत्रालय से भारत के साथ उच्च-स्तरीय बातचीत करने का आग्रह किया है। परियोजना की नहर का 30 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन इसके अंतिम छोर के निवासियों से निर्माण को लेकर कोई राय नहीं ली गई है।
बोहोरा के अनुसार, नहर निर्माण के कारण हाल ही में हुई बारिश से रिहायशी इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई थी। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट रूप से नहर निर्माण का विरोध किया है।
सांसद ने सरकार से सवाल किया है कि जनता की इच्छा के विरुद्ध इस निर्माण का क्या उद्देश्य है। स्थानीय निवासियों को अपनी भूमि के डूबने और प्रभावित होने का भय सता रहा है, जिस पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।















