मुंबई, 08 जुलाई।
अभिनेता शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2023 में 'जवान', 'पठान' और 'डंकी' जैसी सफल फिल्मों के बाद शाहरुख खान अब इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 'किंग' शाहरुख खान के करियर की अब तक की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होने जा रही है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसके निर्माण में भारी निवेश किया गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म का बजट करीब 450 करोड़ रुपये है, जिसमें प्रिंट, प्रचार और कलाकारों की फीस शामिल नहीं है।
फिल्म में भव्य एक्शन दृश्य और अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। निर्माताओं का लक्ष्य दर्शकों को बड़े पैमाने का सिनेमाई अनुभव देना है। बजट के लिहाज से यह फिल्म शाहरुख खान की पिछली बड़ी हिट फिल्म 'जवान' को भी पीछे छोड़ सकती है।
फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। यह एक बड़े स्तर की एक्शन-थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण और सुहाना खान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'किंग' 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को इस साल की सबसे चर्चित और बड़ी फिल्मों में शामिल किया जा रहा है।















