बारुईपुर, 8 जुलाई।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में हुए नाबालिग दुष्कर्म और हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट करने के दौरान आरोपी ने पुलिस की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की और गोली चला दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की शुरुआत रविवार को हुई थी, जब सूरजपुर इलाके के एक तालाब से किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या की गई, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त था। प्रभास मंडल इस जघन्य मामले में गिरफ्तार किया गया पहला आरोपी था, जिसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार भ्रामक जानकारी दे रहा था। घटना की कड़ियों को आपस में जोड़ने के लिए उसे मंगलवार रात करीब 12:45 बजे मौका-ए-वारदात पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की।
इस मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ, बारुईपुर एसओजी और जिला पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर उत्तर 24 परगना के बशीरहाट से कबीर मोल्ला को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड में अब तक कुल चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें आनंद सरदार और दिवाकर सरदार भी शामिल हैं।











