संयुक्त राष्ट्र, 08 जुलाई।
संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया के सामने तय सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) के केवल 36 फीसदी लक्ष्य ही सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। बाकी लक्ष्यों की स्थिति चिंताजनक है, जिनमें से करीब आधे लक्ष्य ठहरे हुए हैं और 15 फीसदी में तो गिरावट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2015 में 2030 एजेंडा अपनाने के बाद से निवेश और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से अरबों लोगों के जीवन में सुधार हुआ है। लगभग 1 अरब लोगों को साफ पेयजल मिला है और 1.2 अरब लोगों तक स्वच्छता सुविधाएं पहुंची हैं। साथ ही 2015 से 2024 के बीच एचआईवी संक्रमण में 30 फीसदी और एड्स से होने वाली मौतों में 35 फीसदी की कमी आई है।
अब दुनिया की 92 फीसदी आबादी तक बिजली पहुंच चुकी है और इंटरनेट का प्रसार 40 से बढ़कर 74 फीसदी हो गया है। पहली बार वैश्विक आबादी के आधे से अधिक हिस्से को सामाजिक सुरक्षा का कवच मिला है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा कि डेटा के आधार पर 2030 एजेंडा अब भी हासिल किया जा सकता है।
संयुक्त राष्ट्र की उप-महासचिव अमीना मोहम्मद ने लैंगिक समानता, नवीकरणीय ऊर्जा और सैन्य खर्च के बजाय विकास में निवेश करने जैसी तीन अहम प्रतिबद्धताओं पर जोर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सतत विकास एक सामूहिक प्रयास है न कि कोई शून्य-योग का खेल।











