नई दिल्ली, 08 जुलाई।
पश्चिम एशिया में गहराते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आई उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार के शुरुआती सत्र में घरेलू बाजार में चौतरफा गिरावट दर्ज की गई। कारोबार शुरू होते ही निवेशकों ने बिकवाली का रुख अपना लिया, जिससे प्रमुख सूचकांकों में दबाव बन गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.61 प्रतिशत और निफ्टी 0.62 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे थे।
बाजार के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 2,671 शेयरों में काम हुआ, जिनमें से 1,747 शेयर लाल निशान में रहे। सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयर और निफ्टी के 50 में से 34 शेयरों में कमजोरी देखी गई। हालांकि, विप्रो और सन फार्मा जैसी कंपनियों के शेयर में कुछ मजबूती बनी रही, जबकि रिलायंस और एशियन पेंट्स जैसे दिग्गज स्टॉक में बिकवाली का जोर रहा।
सेंसेक्स आज 77,816.45 अंकों पर खुला और बिकवाली के दबाव में 77,701.57 के स्तर तक फिसल गया। इसी तरह, निफ्टी ने 24,259.55 पर कारोबार शुरू किया और उतार-चढ़ाव के बीच 24,247.80 के स्तर पर पहुंच गया। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन भी बाजार में सुस्ती थी और सूचकांक हल्की गिरावट के साथ बंद हुए थे।











