रायपुर, 08 जुलाई।
राजधानी रायपुर के डूमरतराई में विकसित किए गए आधुनिक थोक बाजार का आज विधिवत लोकार्पण होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अत्याधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण और उद्घाटन कर इसे प्रदेश के व्यापारियों को समर्पित करेंगे।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा तैयार किए गए इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता राज्य के वित्त एवं आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। कार्यक्रम में व्यापारिक जगत के कई प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
यह विशाल थोक बाजार राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 36 एकड़ की भूमि में फैला हुआ है। इसे व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जहां चौड़ी सड़कें और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस यह परिसर न केवल रायपुर के व्यापारियों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने का काम करेगा। इस व्यापारिक अवसंरचना से राज्य के व्यापारिक विकास को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद है।















