बलौदाबाजार, 08 जुलाई।
कृषि क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार की घोषणा की गई है। इस सम्मान के लिए इच्छुक कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। किसान अपने संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र उप संचालक कृषि अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी के कार्यालय में जमा करने होंगे।
आवेदन के साथ किसानों को अपनी सफलता की कहानी, फोटो और वीडियो संलग्न करना अनिवार्य है। तय समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग की वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं।
चयनित किसानों को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 1 नवंबर 2026 को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप 2 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।















