सिलीगुड़ी, 09 जुलाई।
राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर एक बार फिर कुदरत का कहर देखने को मिला है। सेवक और बाघपुल स्थित काली मंदिर के बीच गुरुवार को हुए भूस्खलन के चलते यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। पहाड़ से लगातार गिर रहे मलबे ने सड़क को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया है, जिससे आवागमन करने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मशीनों के साथ मौके पर पहुंच गई है। युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य जारी है। प्रशासन के अनुसार, जल्द ही सड़क को साफ कर यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, स्थिति सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है। फिलहाल, बाघपुल से रम्फू तक के मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू बताया गया है।















