प्रतापगढ़, 09 जुलाई।
प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। बीती रात रानीगंज थाना क्षेत्र में ट्रामा सेंटर के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़ी पिकअप से जोरदार तरीके से टकरा गई।
इस भीषण टक्कर के कारण पिकअप कार के ऊपर पलट गई, जिससे कार सवार तीन लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक चले बचाव कार्य के बाद जेसीबी और कटर मशीन की मदद से घायलों को बाहर निकाला जा सका।
दुर्घटना में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रोली सोनी और आकाश सोनी के रूप में हुई है, वहीं रोली का मंगेतर मोहित सोनी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
ये सभी लोग गोंडा से जौनपुर लौट रहे थे। परिजन दो कारों से यात्रा कर रहे थे। आगे चल रही कार में अन्य सदस्य सवार थे और पीछे की कार में तीनों सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिकअप के नीचे धंस गया था।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी प्लाईवुड लदी पिकअप में पीछे से टक्कर होने के कारण यह दुर्घटना हुई। क्षेत्र में इस घटना के बाद से शोक की लहर है।















