चेन्नई, 10 जुलाई।
तमिलनाडु में अब संपत्ति पंजीकरण के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलने वाली है। राज्य सरकार ने 17 अगस्त से 'एनीवेयर रजिस्ट्रेशन' यानी कहीं भी पंजीकरण की ऑनलाइन प्रणाली शुरू करने का फैसला लिया है।
इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक राज्य के किसी भी कोने से अपनी संपत्ति का पंजीकरण ऑनलाइन करा सकेंगे। अब किसी विशिष्ट सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में जाने की अनिवार्यता नहीं रहेगी।
वाणिज्य कर एवं पंजीकरण मंत्री डी. लोगेश तमिलसेल्वन की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस डिजिटल सुधार से पंजीकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी।
आवेदक 24 घंटे ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे और पंजीकरण शुल्क का भुगतान भी डिजिटल तरीके से होगा। शुरुआत में यह सुविधा केवल प्लॉट और नए फ्लैट की पहली बिक्री पर उपलब्ध होगी।
उपयोगकर्ताओं को लॉगिन आईडी मिलेगी, जिसके जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन संभव होगा। इसके लिए सरकार द्वारा अनुमोदित फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैनर की आवश्यकता होगी।
सरकार का लक्ष्य पंजीकरण कार्यालयों में भीड़ को कम करना है। तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे ताकि आम नागरिकों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।








.jpg)
