बारुईपुर, 10 जुलाई।
दक्षिण 24 परगना जिले के सूर्यपुर में हाल ही में हुई नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को यहां एक नई पुलिस चौकी का उद्घाटन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि घटना के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री ने पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की थी, जहां उन्होंने परिवार की मांग पर क्षेत्र में स्थायी पुलिस चौकी खोलने का आश्वासन दिया था। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर इस पर काम शुरू कर दिया था। वर्तमान में सूर्यपुर में केवल एक पुलिस शिविर संचालित है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को अपनी शिकायतों के लिए लगभग 10 किलोमीटर दूर बारुईपुर थाना जाना पड़ता था। नई चौकी के शुरू होने से अब लोग वहीं शिकायत दर्ज करा सकेंगे और पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नई पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की संख्या में इजाफा किया जाएगा, जिससे नियमित गश्त और अपराध नियंत्रण में बेहतर परिणाम मिल सकेंगे।
इस बीच, नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच में भी तेजी आई है। घटना के मुख्य आरोपितों में से एक, प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद इस मुठभेड़ की न्यायिक जांच सीआईडी (CID) को सौंप दी गई है। सीआईडी की टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में जुटी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।







.jpg)
