भोपाल, 10 जुलाई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को उज्जैन–जावरा ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग परियोजना का विधिवत भूमि पूजन करेंगे। करीब 98.73 किलोमीटर लंबी इस बड़ी परियोजना पर 5,017 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसका निर्माण कार्य मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा पूरा किया जाएगा।
यह मार्ग उज्जैन दक्षिण, घट्टिया, नागदा-खाचरौद, आलोट और जावरा विधानसभा क्षेत्रों को आपस में जोड़ेगा। अगले दो वर्षों में बनकर तैयार होने वाली इस सड़क से 62 गांवों के करीब 35 लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को रफ्तार देगी, बल्कि किसानों के लिए अपनी उपज मंडियों तक पहुँचाने का रास्ता भी आसान बनाएगी।
इस ग्रीनफील्ड फोरलेन मार्ग की सबसे बड़ी विशेषता उज्जैन को दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे से सीधे जोड़ना है, जिससे सफर का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान राजस्थान और गुजरात सहित देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मार्ग आवागमन को बेहद सुगम बना देगा।
परियोजना की तकनीकी रूपरेखा के अनुसार, इसमें 3 रेल ओवरब्रिज, 9 वृहद पुल, 26 मध्यम पुल और 417 पुलियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही, जावरा बायपास पर दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे इंटरचेंज से महू–नीमच फोरलेन मार्ग तक दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई जाएगी। यह परियोजना मालवा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सड़क सुरक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।








.jpg)
