मुंबई, 11 जुलाई।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी धाक जमाने वाली चर्चित वेब सीरीज रक्तांचल का तीसरा सीजन एक बार फिर चर्चा में है। इस सीरीज का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है, जिसमें अभिनेता क्रांति प्रकाश झा एक बार फिर अपने पुराने और आक्रामक अंदाज 'विजय सिंह' के रूप में वापसी करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके इस दमदार प्रदर्शन को दर्शकों का भरपूर प्यार और सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है।
पूर्वांचल की सत्ता, राजनीति और खूनी संघर्ष को दर्शाती यह क्राइम-थ्रिलर सीरीज इस बार नए और रोमांचक मोड़ों के साथ सामने आएगी। ट्रेलर में क्रांति प्रकाश झा का प्रभावी स्क्रीन प्रेजेंस और उनके संवाद दर्शकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। बेगूसराय के रहने वाले अभिनेता ने 'विजय सिंह' के किरदार को जीवंत कर ओटीटी की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। फैंस उन्हें 'लल्ला' के रूप में संबोधित करते हुए उनकी वापसी का जश्न मना रहे हैं।
क्रांति प्रकाश झा की अभिनय यात्रा काफी प्रेरणादायक रही है। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म मिथिला मखान से बड़ी पहचान मिली थी। इसके अलावा उन्होंने देसवा, वन्स अपॉन ए टाइम इन बिहार और एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। रक्तांचल के पिछले दोनों सीजनों में भी उनके काम को काफी सराहा गया था। अब रक्तांचल सीजन 3 इस महीने अमेज़न पर दस्तक देने के लिए तैयार है।









