पश्चिमी सिंहभूम, 11 जुलाई।
भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। चक्रधरपुर मंडल से होकर गुजरने वाली विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा, जिससे ओडिशा जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें 08331/08332 राउरकेला–पुरी–राउरकेला स्पेशल का संचालन 15, 23 जुलाई को राउरकेला से और 17, 25 जुलाई को पुरी से होगा। इसमें 20 आईसीएफ कोच रहेंगे।
इसके अलावा 08569/08570 बामड़ा–पुरी मेमू स्पेशल 15, 23 जुलाई को बामड़ा से और 17, 25 जुलाई को पुरी से चलेगी। यह ट्रेन टाटानगर, चाईबासा और नोआमुंडी समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें आठ कोच की मेमू रेक का उपयोग किया जाएगा।
वहीं, बड़बिल–पुरी–बड़बिल स्पेशल ट्रेन भी 15, 23 जुलाई को बड़बिल से तथा 16, 24 जुलाई को पुरी से रवाना होगी। 20 कोच वाली इस ट्रेन में श्रद्धालुओं के लिए सफर करना काफी सुगम होगा। रेलवे का लक्ष्य यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा प्रदान करना है।










