जोधपुर, 15 जुलाई।
आईआईटी जोधपुर के वैज्ञानिक सूर्य के दृश्य प्रकाश से ऊर्जा संजोने वाले स्मार्ट पदार्थ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण शोध कर रहे हैं। यह शोध भविष्य में स्वच्छ ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, स्मार्ट उपकरणों और उन्नत प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए नई संभावनाएं खोल सकता है।
संस्थान के रसायन विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. मोनिका गुप्ता के नेतृत्व में फंक्शनल ऑर्गेनिक मैटेरियल्स प्रयोगशाला की शोध टीम ऐसे विशेष कार्बनिक पदार्थ तैयार कर रही है, जो सूर्य के दृश्य प्रकाश के संपर्क में आने पर अपने गुणों में परिवर्तन कर ऊर्जा का प्रभावी भंडारण और उपयोग कर सकें। वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में अधिकांश स्मार्ट पदार्थ केवल पराबैंगनी किरणों पर सक्रिय होते हैं, जबकि सूर्य के प्रकाश का सबसे बड़ा हिस्सा दृश्य प्रकाश का होता है। इसी कारण उनकी उपयोगिता सीमित रहती है। यह शोध सीधे दृश्य प्रकाश में सक्रिय होने वाले अधिक प्रभावी और व्यावहारिक पदार्थ विकसित करने पर केंद्रित है।
शोध की प्रमुख उपलब्धियों में दृश्य प्रकाश से संचालित मॉलिक्यूलर फोटोस्विच का विकास शामिल है। ये सूक्ष्म अणु प्रकाश मिलने पर अपनी संरचना बदल लेते हैं। अब तक ऐसे अणु केवल पराबैंगनी प्रकाश में सक्रिय होते थे, लेकिन नए शोध के माध्यम से इन्हें सामान्य सूर्य के प्रकाश में भी प्रभावी ढंग से कार्य करने योग्य बनाया जा रहा है। शोधकर्ता इन अणुओं को द्रव क्रिस्टल आधारित पदार्थों के साथ जोड़कर ऐसे स्मार्ट मैटेरियल भी विकसित कर रहे हैं, जो सूर्य की रोशनी पड़ने पर अपने प्रकाशीय और यांत्रिक गुण बदल सकें।
भविष्य में इनका उपयोग स्मार्ट खिड़कियों, परिस्थितियों के अनुसार स्वयं बदलने वाले प्रकाशीय उपकरणों, प्रकाश संचालित मशीनों, स्मार्ट परतों, उन्नत प्रकाशीय प्रणालियों और नई पीढ़ी के ऊर्जा उपकरणों में किया जा सकेगा। शोध का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मॉलिक्यूलर सोलर थर्मल फ्यूल तकनीक भी है। इसके माध्यम से सूर्य की ऊर्जा को रासायनिक रूप में लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा और आवश्यकता पड़ने पर उसे ऊष्मा के रूप में उपयोग किया जा सकेगा। वैज्ञानिक ऐसे पदार्थ विकसित कर रहे हैं, जो अधिक ऊर्जा संग्रहित करने, लंबे समय तक सुरक्षित रखने और नियंत्रित तरीके से वापस उपलब्ध कराने में सक्षम हों। यह तकनीक अत्यधिक ठंडे क्षेत्रों में भी प्रभावी साबित हो सकती है।
डॉ. मोनिका गुप्ता ने कहा कि प्रकृति प्रतिदिन भरपूर मात्रा में सूर्य का प्रकाश उपलब्ध कराती है, लेकिन मौजूदा तकनीकें उसका पूरा उपयोग नहीं कर पातीं क्योंकि वे पराबैंगनी प्रकाश पर निर्भर हैं। उनका प्रयास ऐसे स्मार्ट पदार्थ विकसित करना है, जो सीधे दृश्य प्रकाश में कार्य कर वास्तविक परिस्थितियों में सौर ऊर्जा का प्रभावी भंडारण और उपयोग सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने कहा कि यह शोध सफल होने पर भविष्य में ऐसी स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों का विकास संभव होगा, जिनमें सूर्य का प्रकाश उपलब्ध नहीं होने पर भी पहले से संग्रहित ऊर्जा का उपयोग किया जा सकेगा।
















